मुरादाबाद (उप्र)। राजस्थान के उदयपुर में बीते दिनों हुई दर्जी कन्हैयालाल की नृशंस हत्या ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। लोग कन्हैयालाल के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। इस बीच विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के एक नेता की तरफ से एक भड़काऊ बयान सामने आया है।
मुरादाबाद के सिविल लाइन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विहिप के प्रांत मंत्री डॉ. राजकमल गुप्ता ने कहा कि यहां पर अगर कोई हमारे एक आदमी को मारेगा तो हम उनके 10 लोगों को मारेंगे। कॉन्फ्रेंस में विहिप के और भी कई पदाधिकारी मौजूद थे।
विहिप नेता ने पत्रकारों से कहा कि जिस तरह से कांग्रेसी सरकारों के प्रदेशो में हिन्दुओं की हत्याएं हो रही है अगर कोई उप्र में एक हिन्दू को मारेगा तो हम उनके 10 को मारेंगे।
उन्होंने कहा कि देश के किसी भी हिंदू को कहीं से भी धमकी दी जाती है तो इसकी शिकायत बजरंग दल और विहिप के कार्यकर्ताओं से करें। इसके लिए अलग-अलग प्रांत की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
प्रयागराज में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस विहिप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री (पूर्वी उप्र) गजेंद्र ने कहा कि इन घटनाओं के जरिए उदारवादी विचारों की स्वतंत्रता और धर्मनिरपेक्षता को चुनौती दी जा रही है जिसे विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल स्वीकार करता है।
उन्होंने कहा कि धमकियों के शिकार हिंदुओं को आगे आकर तत्काल स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना देनी चाहिए और शिकायत दर्ज करानी चाहिए। बता दें कि उदयपुर में दर्जी कन्हैयालाल की हत्या के बाद अब विश्व हिंदू परिषद ने देश भर में हिंदुओं की सहायता के लिए कुछ हेल्प लाइन नंबर जारी किए हैं।