फतेहपुर| उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से घरेलू हिंसा का एक ऐसा खौफनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों को तार-तार कर दिया है। यहाँ एक महिला पर अपने ही पति को रस्सी से बांधकर बंधक बनाने, रातभर बेरहमी से डंडों से पीटने और फिर जिंदा बिजली के तारों से करंट देने का रोंगटे खड़े करने वाला आरोप लगा है। पीड़ित की तड़प और गंभीर हालत को देखते हुए पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया है और आरोपी पत्नी को दबोच लिया है। यह सनसनीखेज वारदात फतेहपुर के औंग थाना क्षेत्र के परसदेपुर गांव की है।
शुक्रवार की काली रात… विवाद के बाद पार की हैवानियत की हदें
पुलिस के मुताबिक, परसदेपुर गांव में रहने वाले संजीव तिवारी का शुक्रवार की रात को अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। यह कहासुनी इतनी बढ़ गई कि पत्नी के सिर पर खून सवार हो गया। आरोप है कि महिला ने संजीव को संभलने का मौका भी नहीं दिया और उसे रस्सियों के सहारे चारपाई से जकड़ दिया। इसके बाद शुरू हुआ प्रताड़ना का वो खूनी खेल, जिसे सुनकर इलाके के लोग भी सहम गए हैं।
पत्नी ने पहले तो संजीव के साथ जमकर मारपीट की, लेकिन जब इतने से भी उसका मन नहीं भरा, तो उसने बिजली का नंगा तार संजीव के शरीर से छुआ दिया। रातभर संजीव करंट के झटके खाता रहा और दर्द से तड़पता रहा, लेकिन पत्थरदिल पत्नी को जरा भी तरस नहीं आया।
‘यूपी 112’ पर आई एक कॉल और कमरे का नजारा देख कांप गई पुलिस
शनिवार की सुबह पुलिस की आपातकालीन सेवा ‘यूपी 112’ को इस खौफनाक वारदात की भनक लगी। सूचना मिलते ही औंग थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जब पुलिस घर के भीतर दाखिल हुई, तो वहां संजीव की हालत देखकर पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए। संजीव बुरी तरह झुलसा हुआ और लहूलुहान हालत में मिला।
क्या बोले जिले के कप्तान?
फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, “शनिवार सुबह डायल 112 के जरिए पुलिस को इस घटना की सूचना मिली थी। पीड़ित संजीव तिवारी को उसकी पत्नी द्वारा बंधक बनाकर प्रताड़ित करने और करंट लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए संजीव को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जान बचाई। पीड़ित की हालत अब खतरे से बाहर है और उसका आधिकारिक बयान दर्ज कर लिया गया है।”
भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, सलाखों के पीछे पहुंची ‘कलयुगी’ पत्नी
इस मामले में पीड़ित संजीव तिवारी के भाई ने औंग थाने पहुंचकर आरोपी महिला के खिलाफ नामजद लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल प्रभाव से गंभीर और संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की बारीकी से तफ्तीश की जा रही है ताकि अदालत में सख्त पैरवी कर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।