मुजफ्फरपुर: सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी अब मुजफ्फरपुर में चर्चा का विषय बनी हुई है। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर का रहने वाला एक युवक अपनी कथित Instagram प्रेमिका को तलाशते हुए करीब 350 किलोमीटर दूर बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंच गया। खास बात यह है कि युवक के पास सफर और तलाश के लिए महज 50 रुपये थे।
बताया जा रहा है कि युवक की Instagram पर करीब पांच साल पहले सरैया थाना क्षेत्र की रहने वाली खुशबू नाम की युवती से दोस्ती हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और युवक इस रिश्ते को प्यार मानने लगा। इसी कथित प्रेम को लेकर वह खुशबू की तलाश में मुजफ्फरपुर पहुंच गया।
ऑटो लेकर पूरे दिन करता रहा प्रेमिका की तलाश
मुजफ्फरपुर पहुंचने के बाद युवक ऑटो लेकर सरैया इलाके में निकल पड़ा। उसने पूरे दिन अलग-अलग जगहों पर खुशबू को तलाश किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। काफी देर तक भटकने के बाद जब उसके पास ऑटो का किराया चुकाने के लिए भी पैसे नहीं बचे तो ऑटो चालक उसे काजीमोहम्मदपुर थाने लेकर पहुंच गया।
परिजनों ने कहा- खुशबू को पत्नी मान चुका है युवक
थाने में पूछताछ के दौरान पुलिस ने युवक के परिजनों से संपर्क किया। परिजनों ने बताया कि युवक खुशबू को मन ही मन अपनी पत्नी मान चुका है और पिछले कई वर्षों से उसके बारे में ही सोचता रहता है। उसकी इसी जिद और दीवानगी से परिवार भी परेशान है।परिजनों ने पुलिस से अनुरोध किया कि युवक को फिलहाल थाने में ही रोका जाए। उन्होंने बताया कि वे उसे वापस ले जाने के लिए मुजफ्फरपुर रवाना हो चुके हैं।
वापस जाने को तैयार नहीं, मुजफ्फरपुर में काम करने की जिद
वहीं, युवक अभी भी अपने फैसले पर अड़ा हुआ है। उसने मिर्जापुर वापस जाने से इनकार कर दिया है। उसका कहना है कि वह मुजफ्फरपुर में ही कोई काम तलाशकर रहेगा और अपनी कथित प्रेमिका खुशबू को खोजने की कोशिश जारी रखेगा। फिलहाल काजीमोहम्मदपुर थाना पुलिस युवक को समझाने की कोशिश कर रही है और उसके परिजनों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। Instagram से शुरू हुई इस कहानी ने अब स्थानीय स्तर पर लोगों का ध्यान खींच लिया है।