डीग के जिला अस्पताल से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति अपनी बीमार पत्नी को साइकिल पर बैठाकर इमरजेंसी वार्ड के अंदर तक ले जाता और फिर इलाज के बाद उसी तरह वापस घर ले जाता दिखाई दे रहा है। आमतौर पर अस्पतालों में मरीजों के लिए स्ट्रेचर या व्हीलचेयर की सुविधा होती है, लेकिन इस घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि बुजुर्ग व्यक्ति स्ट्रेचर या व्हीलचेयर की कमी के कारण नहीं, बल्कि साइकिल चोरी होने के डर से उसे अस्पताल के अंदर लेकर आया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वह अपनी पत्नी को साइकिल पर बैठाकर सीधे इमरजेंसी वार्ड तक पहुंच जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अस्पताल में यह स्थिति अब आम हो चुकी है। पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने के कारण लोग अपने दोपहिया वाहन बाहर सड़क पर खड़ा करने से बचते हैं और उन्हें वार्ड तक ले आते हैं। चोरी का डर लोगों को ऐसा करने पर मजबूर कर रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब इस बारे में अस्पताल के पीएमओ से बात की गई तो उन्होंने भी पार्किंग की कमी को समस्या की मुख्य वजह बताया। अस्पताल परिसर में सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा भी देखने को मिल रहा है। यूजर्स का कहना है कि सरकारी दावे बड़े-बड़े होते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। कई लोगों ने इसे सिस्टम की नाकामी और गरीब की मजबूरी बताया है, तो कुछ ने इसे व्यवस्था पर सीधा सवाल बताया है।