मुंबई। मुंबई के पवई इलाके में गैस सिलेंडर चोरी के मामलों में पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे में लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच मोटरसाइकिल चोरी के केस से शुरू हुई थी, जिसमें बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी चोरी की कार का इस्तेमाल कर अलग-अलग इलाकों से गैस सिलेंडर चुराता था। पवई पुलिस स्टेशन में हाल ही में ऐसे दो मामले दर्ज हुए थे। डीसीपी दत्त किशन नालावडे ने बताया कि मामले की जांच के लिए क्राइम ब्रांच की दो टीमों का गठन किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ठाणे के वर्तक नगर निवासी 45 वर्षीय राज चंद्रकांत कांबले को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के पास से 35 गैस सिलेंडर और तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। साथ ही, चोरी के सिलेंडरों को बेचने में मदद करने वाले दो अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी पर पहले से ही चोरी के 10 मामले दर्ज हैं। अब पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।