नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में उनके भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने की अटकलें जोर पकड़ रही हैं। इस बीच AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने बड़ा दावा करते हुए इन चर्चाओं को और हवा दे दी है।
सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि राघव चड्ढा ने अपने अकाउंट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ किए गए पुराने ट्वीट डिलीट कर दिए हैं। उनका कहना है कि जहां मोदी सरकार की आलोचना वाले पोस्ट हटाए गए हैं, वहीं प्रधानमंत्री की तारीफ वाले ट्वीट अब भी प्रोफाइल पर मौजूद हैं।
AAP नेता के इस दावे के बाद राघव चड्ढा के BJP में जाने की अटकलों को और बल मिला है। इससे पहले भी पार्टी की ओर से उन पर संसद में प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के खिलाफ मुखर न होने के आरोप लगाए गए थे।
दरअसल, राघव चड्ढा को हाल ही में राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया गया था। AAP ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर उन्हें इस पद से हटाने और उनकी जगह अशोक मित्तल को उपनेता नियुक्त करने की सिफारिश की थी। माना जा रहा है कि पार्टी से बढ़ती नाराजगी इसके पीछे एक बड़ी वजह है।
हालांकि, राघव चड्ढा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें “झूठा” बताया है। उनका कहना है कि वह संसद में लगातार जनहित के मुद्दे उठाते रहे हैं और सरकार को घेरने का काम करते हैं।
पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा लगातार सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। उन्होंने कई वीडियो जारी कर पार्टी पर परोक्ष रूप से निशाना साधा है। एक वीडियो में उन्होंने लिखा, “खामोश हुआ नहीं हूं, कराया गया हूं।” वहीं एक अन्य वीडियो में फिल्मी अंदाज में कहा, “मैं घायल हूं, इसलिए घातक हूं… हर झूठ का भंडाफोड़ होगा।”