नई दिल्ली। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर रविवार को निकलने वाली शोभायात्राओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। हिन्दू रक्षा दल और विश्व हिन्दू परिषद्-बजरंग दल की ओर से अलग-अलग यात्राएं निकाली जाएंगी, जिनकी सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, मजहबी कट्टरपंथ के खिलाफ आवाज उठाने वाले यूट्यूबर सलीम अहमद उर्फ सलीम वास्तिक भी हिंदू रक्षा दल की यात्रा में शामिल होंगे। उनके शामिल होने की सूचना के बाद पुलिस और ज्यादा सतर्क हो गई है।
प्रशासन की ओर से यात्रा की निगरानी ड्रोन कैमरों के जरिए की जाएगी। साथ ही, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर पूरे कार्यक्रम पर नजर रखेंगे। यात्रा शुरू होने से पहले ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हिंदू रक्षा दल की यात्रा लोनी बॉर्डर से शुरू होकर खन्ना नगर कॉलोनी तक जाएगी। वहीं, विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल की यात्रा इंद्रापुरी कॉलोनी स्थित सचखंड नानक धाम से शुरू होकर पुश्ता रोड स्थित कारवां बैंकट हॉल तक पहुंचेगी।
यात्रा के चलते ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। टीला मोड़ से लोनी की ओर जाने वाले सभी वाहनों का आवागमन बाधित रहेगा। इन वाहनों को बंधला फ्लाईओवर और चिरौड़ी मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा बागपत से दिल्ली जाने वाले वाहनों को लोनी तिराहा से गुजरने की अनुमति नहीं होगी और उन्हें पुस्ता चौकी से खजूरी मार्ग की ओर भेजा जाएगा।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।