अंबेडकरनगर (उप्र) । उप्र के अंबेडकरनगर जनपद से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां 74 साल की बुजुर्ग महिला ने शुक्रवार की रात करीब एक बजे अपने 76 वर्षीय पति को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। हत्यारोपी की पहचान शांतिदेवी के रूप में हुई है वहीं मृतक का नाम राम पदारथ बताया जा रहा है।
मृतक रिटायर्ड शिक्षक थे। टीचिंग करते हुए उन्होंने जो भी सेविंग की थी उसे वो अपनी बहू पर खर्च करते थे। इसको लेकर उनकी अपनी पत्नी से अकसर लड़ाई-झगड़े होते रहते थे। पत्नी को ये शक़ था कि बुजुर्ग पति की उसकी बहू से नाजायज़ संबंध थे जिस कारण महिला ने ऐसा संगीन कदम उठाया।
पति को कत्ल करने के बाद महिला ने खुद भी ज़हर खा लिया। वह इस वक्त महिला अस्पताल में भर्ती है। घटना इब्राहिमपुर थाने के मीरानपुर सदर अली गांव की है। इब्राहिमपुर थानाध्यक्ष के मुताबिक राम पदारथ के बेटे दिलीप (46) की शादी 25 साल पहले हुई थी। उसके 16 और 9 साल के दो बेटे हैं।
हादसे के वक्त सभी घर में मौजूद थे। सभी रात का खाना खाकर सोने गए थे। रात में जब सभी सोने गए तो शांति देवी ने घटना को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस महिला के होश में आने का इंतजार कर रही है। इसके बाद ही आगे की कार्यवाही हो सकेगी।