बीते दिन हुए भारत पाकिस्तान के टी 20 विश्व कप मैच में इंडिया की हार के बाद पंजाब से एक चौका देने वाली खबर सामने आ रही है। पंजाब में पढ़ रहे कश्मीरी छात्रों पर हमला किया गया। साथ ही उनके खिलाफ ‘तुम पाकिस्तानी हो’ के नारे भी लगाए गए। पंजाब के कई कॉलेजों में ये हमले किए गए। बताया जा रहा है कि हमला करने वाले लोगों उत्तर प्रदेश और बिहार से हैं।
लाठी-डंडों से किया कश्मीरी छात्रों पर हमला
जानकारी के मुताबिक पंजाब के संगरूर स्थित भाई गुरु दास इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के कई कश्मीरी छात्रों पर हमला किया गया। बता दें कि छात्रावास के कमरों में घुस कर इन हमलों को अंजाम दिया गया। एक छात्र ने इस पूरी घटना को फेसबुक के ज़रिये लाइव दिखाया। छात्रों पर लाठी-डंडों से वार किए गए। साथ ही उनकी खिड़कियों के कांच भी तोड़े गए।
हमला करने वाले छात्र यूपी-बिहार से
भाई गुरु दास इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के एक छात्र आकिब ने बताया कि ‘उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ छात्रों ने उनके कमरे में घुस कर उनपर रॉड से हमला किया।’ एक अन्य छात्र शोएब ने कहा, ‘हम अपने कमरे में थे जब हमे शोर सुनाई दिया। जब हमने बाहर जा कर देखा तो पता लगा की दूसरे ब्लॉक के कुछ लोगों ने कश्मीरी छात्रों पर हमला कर दिया था। उन्होंने कमरे के शीशे तोड़ दिए थे और लगातार ‘तुम पाकिस्तानी हो’ के नारे लगा रहे थे।’