लखनऊ। यूपी के बुलंदशहर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी दूसरी पत्नी की मायके में जम कर पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। मार-पीट के अगले दिन पति ने पत्नी को फांसी के फंदे पर लटका कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद वो कमरे में ताला लटका कर फरार हो गया।
घटना का वीडियो पीड़िता की बहन जीनत खान ने बनाया था। उसने मीडिया से बात करते हुए बताया कि ‘हाशिम ने मेरी बहन को बेहला कर उससे शादी कर ली और उसको ले कर चला गया। बोल रहा था कि मै अपनी पत्नी को छोड़ दूंगा। दोनों शादीशुदा थे। मेरी बहन ने अपना पति छोड़ दिया लेकिन उसने अपनी पत्नी को नहीं छोड़ा। इसके बाद उसने उसको मारा पीटा। मैं वीडियो भी दिखाउंगी। उसने कल उसको फांसी पर लटकाकर मार दिया और ताले में बंद कर के चला गया।’
बता दें कि पीड़िता का नाम मुस्कान था। आरोपी हाशिम की एक और पत्नी थी। उसने मुस्कान के परिवार को बताया था कि उसके पहली पत्नी से रिश्ते ख़राब है और इसी कारण से दोनों का तलाक़ हो रहा है। पर दूसरी शादी के बाद भी पहली पत्नी से उसके सम्बन्ध कायम थे। इस बात से नाराज़ हो कर मुस्कान और उसमे कहा-सुनी हुई जिसके बाद उसने बेरहमी से उसे पीटा। पीटने के बाद उसकी हत्या कर दी।
बुलंदशहर के एएसपी संतोष कुमार के मुताबिक, ‘पति-पत्नी दोनों खुर्जा के दिहात थाना क्षेत्र के वजीदपुर गांव के रहने वाले थे। इस महीने की 16 तारीख से दोनों किराये पर रह रहे थे। पति के द्वारा पत्नी की हत्या कर दी गई है। मृतिका के पिता की तहरीर के आधार पर दहेज़ हत्या का मुकदमा पति के खिलाफ दर्ज किया गया है। गिरफ़्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।’