बीते हफ़्तों से तेंदुए की दहशत देश के अलग अलग इलाकों मे देखने को मिल रही है। न सिर्फ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ, बल्कि मध्य प्रदेश के भोपाल में भी तेंदुए ने अपनी दहशत फैला रखी है। तेंदुए के डर से लोग अपने घरों से निकलने में हिचकिचा रहे हैं। लोगों में दहशत का माहौल है।इसी बीच मध्यप्रदेश के वन मंत्री विजय शाह ने दावा किया है कि मजदूर के खर्राटों से तेंदुए को गुस्सा आ गया था इसलिए उसने मजदूर पर हमला कर दिया। वनमंत्री के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थल पचमढ़ी के पास स्थित नीमघान बफरजोन में पुलिया निर्माण के लिए आए पांच मजदूरों पर बुधवार देर रात एक तेंदुए ने हमला कर दिया था। तेंदुआ मजदूरों के तंबू में घुसा और एक युवक को खींचकर ले जाने लगा। चीख सुनने के बाद नींद से जागे साथी मजदूरों ने तेंदुए को हाथ और मुक्के से मारा। घबराकर तेंदुए ने जबड़े से युवक को छोड़ा और जंगल की ओर भाग गया। अचानक हुए घटनाक्रम से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
एमपी वाकई अजब है, हमारे मंत्री गजब हैं! वनमंत्री विजय शाह पचमढ़ी में एक शख्स पर हुए तेंदुए के हमले के बाद,ख़ुद खर्राटे की आवाज़ निकालकर बता रहे हैं कि तेंदुए ने उसपर क्यों हमला किया 🙂 @alok_pandey@manishndtv @GargiRawat pic.twitter.com/QSj3htocTq
— Anurag Dwary (@Anurag_Dwary) January 10, 2022
बताया जा रहा है कि दो दिनों से पांच मजदूर पुलिया बनाने काम कर रहे थे। घायल युवक की नाक और चेहरे पर चोट आई है। इसी मामले में जब पत्रकारों ने उनसे सवाल किया तो वन मंत्री विजय शाह ने कहा कि इंसानों के खर्राटे से तेंदुआ और चीता जैसे जानवरों को रात में गुस्सा आ जाता है। इसीलिए उसने हमला कर दिया होगा। इतने बड़े मुद्दे पर वन मंत्री विजय शाह का रवैया देख लोगों में खासा गुस्सा है। मंत्री इस भड़काऊ बात हो कहते हुए हस्ते नज़र आए। उनके इस बयान से लोगों के ज़हन में सवाल पैदा हो गए हैं कि क्या उनके लिए और वन विभाग के लिए मजदूरों की जान की कोई कीमत नहीं ?