नई दिल्ली। भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने दावा किया है कि एआईएमआईएम ने पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा के सिर पर एक करोड़ रुपये का इनाम रखा है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से अनुरोध किया है कि ओवैसी की पार्टी को आतंकवादी करार दिया जाय।
उन्होंने कहा, ”एआईएमआईएम ने नूपुर शर्मा के सिर पर एक करोड़ का इनाम जारी किया है। मैं अमित शाह से अनुरोध करता हूं कि कृपया इन आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दें।”
बता दें कि इन दिनों एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें एआईएमआईएम के नेता नूपुर शर्मा के सिर पर एक करोड़ के इनाम की घोषणा करते हुए दिख रहे हैं। तजिंदर पाल बग्गा ने भी यह वीडियो शेयर किया है।
इससे पहले भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता नुपुर शर्मा ने बताया कि उन्हें लगातार धमकी भरे संदेश और कॉल आ रहे हैं। धमकी देने वाले लोग उन्हें और उनके परिवार को अपशब्द कहने के साथ जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
बता दें कि नुपुर शर्मा बीते गुरुवार को एक न्यूज चैनल पर ज्ञानवापी मस्जिद के मसले पर डिबेट में शामिल हुई थीं। जहां उन्होंने तथ्यों के साथ अपनी बातों को रखा था।
इस डिबेट के बाद से ही उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उनके परिवार के सदस्यों का सिर कलम करने तक की धमकी दी जा रही है।
पैगंबर मुहम्मद पर टिप्पणी को लेकर मामला दर्ज
नूपुर शर्मा के खिलाफ टीवी शो के दौरान पैगंबर मुहम्मद पर टिप्पणी को लेकर मामला भी दर्ज किया गया है। मुसलमानों के संगठन रजा अकादमी की शिकायत के बाद यह कार्रवाई हुई है। शर्मा के खिलाफ मुंबई के पाइधोनी पुलिस स्टेशन में धारा 295ए, 153ए और 505बी के तहत मामला दर्ज किया गया है।