मुंबई। महाराष्ट्र में सियासी संकट खत्म होने के बाद अब सरकार गठन को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष पद को लेकर सत्ता पक्ष व विपक्ष आमने सामने है।
विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए महाविकास अघाड़ी ने भाजपा विधायक राहुल नार्वेकर के खिलाफ शिवसेना विधायक राजन साल्वी को मैदान में उतारा है। राजन साल्वी ने आज स्पीकर पद के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर दिया।
अब विधानसभा स्पीकर के लिए कल 3 जुलाई को चुनाव होगा। कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट ने कहा कि हमने शिवसेना विधायक राजन साल्वी का नामांकन दाखिल करवाया है। स्पीकर पद के उम्मीदवार के लिए पहले कांग्रेस ने दावा किया था लेकिन हमने शिवसेना और राकांपा के साथ बैठक की और एक सहमति के साथ राजन साल्वी को उम्मीदवार बनाया है।
बता दें कि महाराष्ट्र में स्पीकर का पद दो साल से खाली है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले के स्पीकर पद छोड़ने के बाद से ही यह पद खाली है। शुक्रवार को भाजपा विधायक राहुल नार्वेकर ने पर्चा भरा है।
भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार विधायक बने राहुल नार्वेकर को महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर का उम्मीदवार नामांकित किया है। नार्वेकर मुंबई के कोलाबा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। नार्वेकर एनसीपी नेता रामराजे निम्बल्कर के दामाद हैं। बता दें कि तीन जुलाई को ही एकनाथ शिंदे सरकार ने बहुमत साबित करने के लिए विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है।