गुड़गांव/लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व मुख्यमंत्री व मैनपुरी से सांसद मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता का गुड़गांव के मेदान्ता हॉस्पिटल में निधन हो गया है।
पिछले सप्ताह साधना गुप्ता को शुगर सहित कई अन्य बीमारियों की वजह से हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां आज शनिवार सुबह उनका निधन हो गया है। मुलायम सिंह यादव भी वहीं मौजूद हैं। मालूम हो कि साधना गुप्ता एलडीए में कार्यरत थी। पिछले दिनों उनका स्थानांतरण भी हो गया था। साधना गुप्ता भाजपा नेत्री अपर्णा यादव बिष्ट की सासू मां थीं।
कौन हैं साधना गुप्ता
अपनी पहली पत्नी व अखिलेश यादव की मां मालती देवी की मौत के बाद ही मुलायम सिंह यादव ने 23 मई 2003 को साधना गुप्ता को अपनी पत्नी का दर्जा दिया था जो उनसे उम्र में 20 साल छोटी थीं।
कहा जाता है कि मुलायम सिंह और साधना गुप्ता, मुलायम की मां की वजह से करीब आए। दरअसल मुलायम सिंह की मां मूर्ति देवी बीमार रहती थी और लखनऊ के बाद उनका सैफई मेडिकल कॉलेज में जब इलाज कराया गया तो साधना ने एक नर्स के तौर पर उनकी देखभाल की। यहां मुलायम साधना से काफी प्रभावित हुए और धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ी।
साधना गुप्ता की भले अपने सौतेले बेटे अखिलेश यादव से बहुत अच्छी नही बनती थी लेकिन वह पति के भाई शिवपाल यादव को बहुत मानती थीं।