लंदन। बर्मिघम में खेले जा रहे राष्ट्रमंडल खेल 2022 में बॉक्सिंग में भारत के लिए अमित पंघाल ने एक पदक पक्का कर लिया है। वह सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। भारत ने अब तक कुल 18 पदक जीते हैं, जिसमें पांच स्वर्ण, छह रजत और सात कांस्य पदक शामिल हैं।
पदक तालिका में भारत सातवें स्थान पर है। छठे दिन भारत को कुल पांच पदक मिले थे। सातवें दिन भी एथलेटिक्स और पैरा पावरलिफ्टिंग में पदक की उम्मीद है। इसके अलावा भी कई खिलाड़ी अपना पदक पक्का कर सकते हैं।
भारत के पदक विजेता
5 स्वर्णः मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल टीम, टेबल टेनिस पुरुष टीम
6 रजतः संकेत सरगरी, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम, तूलिका मान
7 कांस्यः गुरुराजा पुजारी, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, सौरव घोषाल, गुरदीप सिंह, तेजस्विन शंकर
बॉक्सिंग में जीते अमित पंघाल
बॉक्सिंग में भारत के लिए अमित पंघाल ने एक पदक पक्का कर लिया है। वह सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। अमित ने स्कॉटलैंड के लेनन मूलिगन को 48kg-51kg (फ्लाई वेट) वर्ग के दूसरे क्वार्टरफाइनल में हरा दिया। अमित ने यह मैच 5-0 से अपने नाम किया।
बैडमिंटन में जीते किदांबी श्रीकांत
बैडमिंटन में किदांबी श्रीकांत ने युगांडा के डैनियल वैनेगेलिया को हराकर प्री-क्वार्टरफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। श्रीकांत ने यह मुकाबला 21-9, 21-9 से जीत लिया।