नई दिल्ली। WFI के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली पुलिस के सूत्रों से बड़ी जानकारी मिली है। सूत्रों ने बताया कि अब तक हमें बृजभूषण सिंह को गिरफ्तार करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं मिले हैं।
सूत्रों ने बताया, “अब तक हमें बृजभूषण सिंह को गिरफ्तार करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं मिले हैं। 15 दिनों के भीतर हम कोर्ट में अपनी रिपोर्ट दाखिल करेंगे। यह चार्जशीट या अंतिम रिपोर्ट (FR) हो सकती है। पहलवानों के दावे को साबित करने वाला कोई सबूत नहीं मिला है।”
दिल्ली पुलिस के सूत्र ने कहा, “FIR में जोड़े गए POCSO की धाराओं में सात साल से कम का कारावास है इसलिए जांच अधिकारी मांग के अनुसार गिरफ्तारी के लिए आगे नहीं बढ़ सकता है। न तो आरोपी गवाह को प्रभावित कर रहा है और न ही सबूत नष्ट कर रहा है।”
वहीं, किसानों के संगठन ‘संयुक्त किसान मोर्चा’ (SKM) ने भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे पहलवानों के समर्थन में 1 जून को देशव्यापी प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
बता दें कि बृजभूषण सिंह के खिलाफ पहलवान साक्षी मलिक, विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया कल हरिद्वार में अपने मेडल बहाने पहुंचे थे, लेकिन किसान नेता नरेश टिकैत ने खिलाड़ियों को रोक दिया साथ ही सरकार को पांच दिन का अल्टीमेटम भी दिया।
दूसरी ओर बृजभूषण सिंह ने कहा कि मेरा कार्यकाल पूरा हो गया है और अगर मैं गलत पाया गया तो गिरफ्तारी होगी। अगर मेरे खिलाफ आरोप सही पाए गए तो मैं फांसी पर लटक जाऊंगा।