नई दिल्ली। भारत में 2024 के आम चुनाव को लेकर सरगर्मियां शुरू हो चुकी हैं। इस बीच कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने अगले लोकसभा चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के बजाय बैलट पेपर कराने की मांग की है।
क्या बोले कांग्रेस सांसद?
मनीष तिवारी ने कहा, “लोकतंत्र तकनीक के भरोसे छोड़े जाने के मुकाबले काफी कीमती है। सवाल यह नहीं है कि EVM के साथ छेड़छाड़ की जा सकती है लेकिन पेपर बैलट पर वापस जाने के लिए काफी वजहें हैं। एक सीधी सी वजह यह है कि एक EVM असल में है तो मशीन ही और अन्य मशीनों की तरह ही इसके साथ भी छेड़छाड़ हो सकती है, इसे हैक किया जा सकता है। इसके काम को बाधित किया जा सकता है, इससे खेला जा सकता है।
कांग्रेस सांसद ने आगे कहा, “मुझे ईवीएम को लेकर भारत के निर्वाचन आयोग का वह पितृसत्तात्मक जुनून समझ नहीं आता। यहां तक कि वह देश, जहां पहले EVM का इस्तेमाल किया जाता था, वहां भी अब वापस पेपर बैलट से ही चुनाव होते हैं। सीधा सा कारण यही है कि उनसे छेड़छाड़ नहीं की जा सकती। इसलिए इन हालात में 2024 के चुनाव पेपर बैलट से ही होने चाहिए।”
EVM पर पहले भी सवाल उठा चुकी है कांग्रेस
गौरतलब है कि कांग्रेस ने इससे पहले भी कई बार EVM से चुनाव कराने के फैसले पर सवाल उठाए हैं। इसी साल कर्नाटक में चुनाव के लिए EVM के इस्तेमाल पर पार्टी ने नाराजगी जताते हुए कई आरोप लगाए थे।
कांग्रेस ने कर्नाटक में इस्तेमाल हो रहीं मशीनों के पहले दक्षिण अफ्रीका में प्रयोग करने के आरोप लगाए थे। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन्हें सिरे से खारिज कर दिया था। इससे पहले 2019 के आम चुनाव से पहले भी कांग्रेस ने बैलट पेपर से चुनाव कराने की मांग उठाई थी।