नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक राष्ट्र, एक चुनाव को लेकर भाजपा पर हमला बोला है। राहुल ने कहा कि यह भाजपा की ध्यान भटकाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि देश में मुख्य मुद्दे बड़े पैमाने पर बेरोजगारी, निचली जाति से अन्याय हैं, लेकिन भाजपा मुद्दे से भटकाने का काम कर रही है।
मप्र, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में जीत पक्की
दिल्ली में एक कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि फिलहाल हम तेलंगाना, मप्र, छत्तीसगढ़ निश्चित रूप से जीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम राजस्थान में बहुत करीब हैं और हमें लगता है कि हम जीतने में सक्षम होंगे।
बिधूड़ी ने जानकर दिया बयान
राहुल गांधी ने आगे कहा कि आज जो हम संसद में बिधूड़ी का बयान सुन रहे हैं वो भाजपा की चाल है। उन्होंने कहा कि निशिकांत दुबे का बयान भी भाजपा ने जानकर दिलवाया क्योंकि वो जाति जनगणना से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
कर्नाटक से सीखा सबक
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि हमने कर्नाटक में एक बहुत महत्वपूर्ण सबक सीखा और सबक यह था कि भाजपा ध्यान भटकाकर हमें अपनी कहानी में फंसाती है और चुनाव जीतती है। राहुल ने कहा कि हमने कर्नाटक में ऐसे चुनाव लड़ा कि भाजपा अपने झूठ का प्रसार नहीं कर पाई।
राहुल ने कहा कि अब सरकार को गलत बताने वाले को निशाना बनाया जाता है। व्यापारी अगर किसी विपक्षी पार्टी का समर्थन करता है तो उनके साथ क्या होता है, ये जानने की जरूरत है। राहुल ने कहा कि हम किसी पार्टी से नहीं लड़ रहे, भारत के विचार की रक्षा के लिए लड़ रहे हैं।