नई दिल्ली। दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह के दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी के बाद संजय सिंह को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि ED ने आज बुधवार सुबह संजय सिंह के दिल्ली आवास पर छापा मारा। यह तलाशी शराब घोटाला मामले में हुई। दोपहर के बाद ईडी ने संजय सिंह को गिरफ्तार लिया। इससे पहले इसी मामले में सांसद के कई अन्य करीबी लोगों के परिसरों की तलाशी ली गई थी। संजय सिंह की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी में हलचल मच गई है।
ईडी की कार्रवाई पर बयानबाजी तेज हो गई है। जहां पहले सीएम ने इस मामले पर बयान दिया तो वहीं भाजपा ने पीसी कर आप पार्टी को घेरा है। भाजपा नेता गौरव भाटिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और इस पूरे प्रकरण में सीएम अरविंद केजरीवाल को घेरा। वहीं दूसरी तरफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
छापेमारी पर संजय सिंह के पिता ने कहा कि विभाग अपना काम कर रहा है। हम उनका सहयोग करेंगे। मैं उस समय का इंतजार करूंगा जब उन्हें मंजूरी मिलेगी।
ईडी की रेड पर बोले वीरेंद्र सचदेवा
दिल्ली बीजेपी प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि उन्होंने इस शराब नीति के जरिए करोड़ों कमाए। आज जांच एजेंसी ने छापेमारी की है। इस मामले में दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल और उनके कट्टर ईमानदार नेताओं के चेहरे बेकनाब होंगे। इन्होंने दिल्ली की जनता को लूटा है। चार्जशीट में पहले से संजय सिंह का नाम था।
प्रियंका चतुवेर्दी का मोदी सरकार पर तंज
शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुवेर्दी ने एक्स पर लिखा कि एनडीए में बीजेपी के एकमात्र आश्रित सहयोगी ईडी, आईटी, सीबीआई हैं। इन एजेंसियों के लिए अपनी विश्वसनीयता को कम करने और उन लोगों के लिए एक उपकरण बनने के लिए यह कितनी बड़ी गिरावट है। संजय सिंह के घर पर की जा रही छापेमारी की निंदा की और कहा कि विपक्ष को डराया और धमकाया जा रहा है।
संजय सिंह पर क्या है आरोप
ईडी के आरोप पत्र के अनुसार, दिल्ली के व्यवसायी दिनेश अरोड़ा, जिन्हें दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में आरोपी के रूप में नामित किया गया था। पहले संजय सिंह की उपस्थिति में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से उनके आवास पर मुलाकात की थी। एक बयान में अरोड़ा ने ईडी को बताया कि उनकी मुलाकात एक कार्यक्रम के दौरान संजय सिंह से हुई थी। जिसके बाद वह दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के भी संपर्क में आए थे।
आगे बताया कि यह कार्यक्रम दिल्ली चुनाव से पहले धन जुटाने के लिए आयोजित किया गया था। इस साल मई में ईडी ने सिंह के करीबी सहयोगियों के परिसरों की तलाशी ली थी और उन्होंने आरोप लगाया था कि ईडी ने दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले के संबंध में उनके दो सहयोगियों अजीत त्यागी और सर्वेश मिश्रा के घरों पर छापेमारी की। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवास पर ईडी की छापेमारी चल रही है।