नई दिल्ली। INDIAN शेयर मार्केट के स्टॉक एक्सचेंज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का M-CAP (Market cap or market capitalization) इस कारोबारी हफ्ते 4 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गया है। इस हफ्ते विदेशी निवेशकों द्वारा खरीद और शेयर मार्केट में तेजी के बाद शुक्रवार को बीएसई-सूचीबद्ध कंपनियों का संयुक्त बाजार पूंजीकरण 337.67 लाख करोड़ रुपये (4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर) तक पहुंच गया है। यह M-CAP सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।
बाजार में लगातार चौथे दिन बढ़त के साथ बीएसई सेंसेक्स 492.75 अंक या 0.74 प्रतिशत उछलकर 67,481.19 अंक पर बंद हुआ। शुक्रवार को दिन के दौरान यह 575.89 अंक या 0.85 प्रतिशत बढ़कर 67,564.33 अंक पर पहुंच गया। पिछले चार दिनों के कारोबारी सत्र में बेंचमार्क इंडेक्स 1,511.15 अंक या 2.29 फीसदी बढ़ गया है।
बीएसई-सूचीबद्ध फर्मों का बाजार पूंजीकरण 337.67 लाख करोड़ रुपये तक बढ़ गया, जो 83.30 की एक्सचेंज रेट पर 4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के बराबर है। बाजार की चार दिनों की तेजी में निवेशकों की संपत्ति 8.95 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई है।
BSE-M-CAP 4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के पार
BSE पर सभी सूचीबद्ध कंपनियों का संयुक्त बाजार मूल्यांकन 29 नवंबर 2023 (बुधवार) को पहली बार 4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया। बेंचमार्क इस साल 15 सितंबर को 67,927.23 अंक के अपने सर्वकालिक शिखर पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय स्टॉक एक्सचेंज में अमेरिका, चीन, जापान और हांगकांग के बाजार का मूल्यांकन 4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के पार है।
बीते दिन शुक्रवार को निफ्टी 134.75 अंक या 0.67 प्रतिशत चढ़कर 20,267.90 अंक के सर्वकालिक उच्च स्तर पर बंद हुआ। वहीं, दिन के दौरान निफ्टी ने 158.4 अंक या 0.78 प्रतिशत की बढ़त के साथ 20,291.55 अंक के अपने इंट्रा-डे रिकॉर्ड उच्च स्तर को छुआ।
मेहता इक्विटीज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (अनुसंधान) प्रशांत तापसे ने कहा FII से नए सिरे से आशावाद और सकारात्मक यूरोपीय बाजार संकेतों के कारण उन्मादी खरीदारी ने बेंचमार्क निफ्टी को एक नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा दिया।