नई दिल्ली। पीएम मोदी ने सोमवार को गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे के हरियाणा सेक्शन का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे समेत 144 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहे।
गुरुग्राम में पीएम मोदी ने कहा कि आधुनिक टेक्नोलॉजी कनेक्टिविटी के जरिए देश के कोने-कोने में लाखों लोग इस कार्यक्रम से जुड़े हैं। एक समय था जब कार्यक्रम दिल्ली से आयोजित होते थे, और देश को फायदा होता था। समय बदल गया है, आज गुरूग्राम में कार्यक्रम हुआ और देश जुड़ गया, ये क्षमता हरियाणा दिखा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज देश ने आधुनिक कनेक्टिविटी की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है, मुझे खुशी है कि आज मुझे अवसर मिला है द्वारका एक्सप्रेसवे को देश को समर्पित करने के लिए। इस एक्सप्रेसवे पर 9,000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं। पीएम ने कहा कि आज से दिल्ली और हरियाणा के बीच यातायात का अनुभव हमेशा के लिए बदल जाएगा।