अयोध्या। यूपी के अयोध्या से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक वृद्ध महिला को उसके अपने ही परिजन सड़क किनारे छोड़कर चले गए। मामला किशनपुर गांव के पास का है, जहां रात करीब 1 बजे एक युवक और युवती ई-रिक्शा से उतरकर वृद्धा को बिस्तर समेत सड़क किनारे छोड़ गए। यह पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
फुटेज में देखा गया कि युवक और युवती रिक्शा से उतरकर महिला को बिस्तर समेत नीचे लिटाते हैं और चादर से ढक देते हैं। इस दौरान एक अन्य महिला भी वहां पहुंचती है, चादर हटाकर वृद्धा का चेहरा देखती है और फिर वहां से चली जाती है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वृद्धा को दर्शन नगर के मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वृद्धा के गले में गंभीर संक्रामक घाव था, जो उसकी बिगड़ती हालत का कारण बना।
अयोध्या कोतवाली के निरीक्षक मनोज कुमार ने जानकारी दी कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवक और महिलाओं की पहचान के लिए विशेष टीम बनाई गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।