नशा मुक्त भारत अभियान को आज पांच वर्ष पूरे होने पर हरिद्वार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने युवाओं से नशे से दूर रहने और जागरूक समाज बनाने की अपील की। हरिद्वार के ऋषिकुल महाविद्यालय ऑडिटोरियम में समाज कल्याण विभाग के तत्वाधान में आयोजित नशा मुक्त भारत अभियान के पांच वर्ष पूर्ण होने पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक मदन कौशिक, मेयर किरण जैसल और मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मदन कौशिक ने कहा कि नशा शरीर को दीमक की तरह खोखला कर देता है और यह केवल व्यक्ति नहीं बल्कि पूरे परिवार को बर्बादी की ओर ले जाता है। उन्होंने युवाओं से संकल्प लेने की अपील की कि न खुद नशा करेंगे, न किसी को करने देंगे। मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने कहा कि आज का युवा नशे की गिरफ्त में आ रहा है, खासकर सुखे नशे का सेवन बढ़ रहा है जो सबसे खतरनाक साबित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि गांव-गांव और स्कूलों में नशा मुक्ति पर जनजागरूकता बढ़ाना जरूरी है। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी अविनाश भदौरिया ने सभी अतिथियों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन नरेश चौधरी ने किया। इस दौरान विकास तिवारी, हीरा सिंह बिष्ट, ललित रावत समेत कई जनप्रतिनिधि और छात्र छात्राएं मौजूद रहे।