चंडीगढ़। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की खबर से पूरे पंजाब में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि धर्मेंद्र का जाना फिल्म उद्योग के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र को “एक्शन किंग” और “ही-मैन” के रूप में जो मोहब्बत मिली, वह हमेशा कायम रहेगी। CM मान ने कहा, “धर्मेंद्र ने ऐसे यादगार किरदार निभाए जो हर भारतीय के दिलों पर हमेशा राज करते रहेंगे। प्रभु उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिवार व प्रशंसकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।”
सुखबीर बादल बोले—“धर्मेंद्र ने हमेशा बढ़ाया पंजाब का मान”
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भी धर्मेंद्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में जन्मे धर्मेंद्र सदैव पंजाब की संस्कृति से जुड़े रहे और उन्होंने अपने अभिनय के माध्यम से प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
भाजपा के अश्वनी शर्मा ने कहा—“अपनी जड़ों से कभी नहीं टूटे”
पंजाब भाजपा के कार्यकारी प्रधान अश्वनी शर्मा ने कहा कि धर्मेंद्र के निधन से फिल्म जगत को बड़ी क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र हमेशा पंजाब की मिट्टी को याद रखते थे और अपनी जड़ों से गहरा जुड़ाव बनाए रखते थे।
मंदिरों और गुरुद्वारों में की गई थी अरदासें
10 नवंबर को अचानक तबीयत बिगड़ने पर धर्मेंद्र को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय से ही फगवाड़ा के मंदिरों और गुरुद्वारों में उनके बचपन के दोस्तों और प्रशंसकों ने उनके स्वस्थ होने की अरदासें की थीं।
हालांकि उस दौरान उनके निधन की अफवाहें भी फैलीं, पर बाद में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।
सोमवार को उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि के बाद फगवाड़ा में गहरा शोक छा गया है।