उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने युवक पर नाम छिपाकर धोखे से शारीरिक शोषण और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2019 में वह अपनी मां के साथ रेलवे स्टेशन पर पुणे जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात प्रयागराज के अतरसुईया थाना क्षेत्र निवासी अदनान अंसारी से हुई। आरोपी रेलवे में आउटसोर्सिंग के तहत टिकट बुकिंग क्लर्क के रूप में कार्यरत बताया जा रहा है। मदद के बहाने आरोपी ने युवती से मोबाइल नंबर लिया, जिसके बाद दोनों के बीच फोन और सोशल मीडिया के जरिए बातचीत शुरू हो गई।
आरोप है कि आरोपी ने खुद को हिंदू बताकर युवती से दोस्ती बढ़ाई और शादी का भरोसा दिलाया। जब युवती ने शादी को लेकर परिजनों से बात करने की बात कही, तो आरोपी ने उसे सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक होटल में बुलाया। वहां खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक उसका शोषण करता रहा।पीड़िता ने बताया कि जब उसके परिजन शादी की बात करने आरोपी के पास पहुंचे, तो उसने टालमटोल करते हुए अंततः शादी से इनकार कर दिया। इससे मानसिक तनाव में आई युवती ने सदर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
सदर कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी तारकेश्वर राय के अनुसार, आरोपी को लोधीगंज पुल के पास से गिरफ्तार किया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।