नई दिल्ली। ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजरायल की सेनाएं आने वाले कुछ ही दिनों में ईरान के आसमान पर पूरा नियंत्रण हासिल कर सकती हैं।
पेंटागन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हेगसेथ ने कहा कि लड़ाई शुरू हुए अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है, लेकिन अमेरिकी और इजरायली बल तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मिडिल ईस्ट में अमेरिका की अतिरिक्त सैन्य ताकत भी तैनात की जा रही है ताकि अभियान को मजबूत किया जा सके।
हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं करेगा। उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका पूरी तैयारी और रणनीति के साथ कार्रवाई करेगा, ताकि अभियान पूरी तरह सफल हो सके।
वहीं जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन ने दावा किया कि हमलों के बाद से ईरान की मिसाइल और ड्रोन गतिविधियों में भारी गिरावट आई है। पेंटागन की ब्रीफिंग में उन्होंने बताया कि लड़ाई के पहले दिन की तुलना में ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च लगभग 86% तक कम हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटों में ही मिसाइल गतिविधि में करीब 23% की और कमी दर्ज की गई है, जबकि एकतरफा अटैक ड्रोन के इस्तेमाल में करीब 73% की गिरावट आई है।
जनरल केन के मुताबिक इन हालात ने अमेरिकी सेंट्रल कमांड को ईरान के दक्षिणी तट के पास स्थानीय स्तर पर एयर सुपीरियरिटी बनाने और ईरानी रक्षा तंत्र को ज्यादा सटीक तरीके से निशाना बनाने में मदद की है।
इन दावों से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी यह कह चुके हैं कि ईरान की वायुसेना और नौसेना को गंभीर नुकसान पहुंचाया गया है।