नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व राजनयिक अब्दुल बासित के एक टीवी डिबेट में दिए गए बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। भारत में पाकिस्तान के पूर्व उच्चायुक्त रह चुके बासित ने चर्चा के दौरान काल्पनिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए भारत पर हमले जैसी बात कही, जिसे लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
डिबेट में बासित ने कहा कि यदि भविष्य में ऐसे हालात बनते हैं जहां अमेरिका पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई करता है और पाकिस्तान सीधे जवाब देने की स्थिति में नहीं होता, तो वह क्षेत्रीय स्तर पर प्रतिक्रिया दे सकता है। इसी संदर्भ में उन्होंने भारत का नाम लेते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में भारत पर हमला एक विकल्प हो सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि ऐसे हालात “नामुमकिन” हैं और पाकिस्तान अपनी सुरक्षा करने में सक्षम है।
बासित के इस बयान पर प्रियंका चतुर्वेदी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद ने इसे “हास्यास्पद” बताते हुए कहा कि भारत किसी भी खतरे के सामने चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान के कुछ नेता भारत को लेकर अनावश्यक बयानबाजी कर रहे हैं और इससे उनकी मानसिकता झलकती है।
चतुर्वेदी ने आगे कहा कि भारत अपनी सुरक्षा के लिए पूरी तरह सक्षम है और यदि कोई भी खतरे के संकेत मिलते हैं, तो देश उचित जवाब देने में सक्षम है।