नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में स्थित सत्य निकेतन में एक पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इमारत गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली फायर सर्विस को दोपहर करीब 1:30 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। फिलहाल दमकल की 12 टीमें मलबा हटाने और उसमें किसी के दबे होने की स्थिति में उन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटी हैं। स्थानीय पुलिस और अन्य राहतकर्मी भी मौके पर मौजूद हैं।
हॉस्टल होने की बात, छात्रों के फंसे होने की आशंका
बताया जा रहा है कि जिस इमारत के गिरने की घटना हुई है, उसमें हॉस्टल संचालित होता था। इसी वजह से मलबे के नीचे छात्रों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि हादसे के वक्त इमारत के अंदर कितने लोग मौजूद थे। सत्य निकेतन दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास स्थित है और यहां बड़ी संख्या में पीजी और हॉस्टल चलते हैं। ऐसे में हादसे के बाद छात्रों और उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है। मौके पर एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी तैनात किया गया है।
हादसे के बाद एहतियात के तौर पर आसपास की कुछ इमारतों को खाली कराया गया है। पिछले दो दिनों से दिल्ली में बारिश का दौर जारी है, ऐसे में प्रशासन आसपास की इमारतों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बरत रहा है। फिलहाल इमारत गिरने की वजह और हादसे के समय उसमें मौजूद लोगों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राहत एवं बचाव अभियान जारी है और घटनास्थल से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।