लखनऊ में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव को लेकर विवाद तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज थाने में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि उन्होंने विधानसभा के सामने सपा-कांग्रेस का झंडा जलाकर पार्टी का अपमान किया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप कुमार समेत कई नेताओं ने थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी। नेताओं का कहना है कि यह सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि पार्टी की छवि खराब करने की साजिश है। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात अपर्णा यादव अपने समर्थकों के साथ सड़कों पर उतरीं और प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी की और महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा। उनका आरोप था कि महिला आरक्षण बिल पास न होने के लिए विपक्ष जिम्मेदार है और उनका रवैया महिलाओं के प्रति नकारात्मक है।
प्रदर्शन के दौरान विपक्षी दलों पर तीखा हमला करते हुए झंडा जलाने की घटना सामने आई, जिससे विवाद और बढ़ गया। सपा नेताओं का कहना है कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है, लेकिन इस तरह की घटनाएं गलत संदेश देती हैं। फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासत और गरमाने के संकेत हैं, क्योंकि दोनों पक्षों की ओर से बयानबाजी जारी है।