पुडुचेरी से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां 19 वर्षीय महिला क्रिकेटर एंजेल गंगवानी ने आत्महत्या कर ली। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह हाल ही में हुए महिला T20 टीम के चयन ट्रायल में शामिल हुई थीं, लेकिन अंतिम सूची में नाम न आने के बाद से काफी परेशान थीं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ट्रायल के बाद से थीं परेशान
रिपोर्ट्स के अनुसार, एंजेल गंगवानी बीबीए सेकंड ईयर की छात्रा थीं और पिछले दो साल से पुडुचेरी में रहकर पढ़ाई के साथ क्रिकेट की ट्रेनिंग ले रही थीं। उन्होंने थुतिपेट में आयोजित महिला T20 चयन ट्रायल में हिस्सा लिया था, लेकिन टीम में जगह नहीं मिल सकी।
बताया जा रहा है कि चयन न होने के बाद से वह मानसिक रूप से तनाव में थीं।
कमरे में मिलीं मृत
घटना का पता तब चला जब मकान मालिक ने कई बार आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी। वहीं, उनके कोच ने भी फोन कॉल का जवाब न मिलने पर घर पहुंचकर देखा, जहां एंजेल कमरे में अचेत अवस्था में मिलीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि घटना के पीछे और कोई कारण था या नहीं।