मुरादाबाद। मुरादाबाद स्थित तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (TMU) अस्पताल में एक बेहद दुर्लभ मामला सामने आया है। संभल जिले की रहने वाली 31 वर्षीय महिला अमीना ने पांच दिनों के अंतराल में चार बच्चों को जन्म दिया है। खास बात यह रही कि यह पूरा मामला हाई-रिस्क होने के बावजूद सभी बच्चों की नॉर्मल डिलीवरी कराई गई।
जानकारी के अनुसार, गर्भावस्था की शुरुआती जांच में ही डॉक्टरों को पता चल गया था कि अमीना के गर्भ में चार भ्रूण पल रहे हैं। मेडिकल विशेषज्ञों ने इसे संवेदनशील स्थिति बताते हुए परिवार को फीटल रिडक्शन यानी भ्रूणों की संख्या कम करने की सलाह दी थी, ताकि मां और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। हालांकि परिवार ने सभी बच्चों को जन्म देने का फैसला किया।
प्रेग्नेंसी के दौरान महिला को ब्लड प्रेशर और लीवर से जुड़ी समस्याओं का भी सामना करना पड़ा। हालत को देखते हुए डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी करती रही और नियमित जांच की जाती रही। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, 8 मई को अमीना को प्रसव पीड़ा शुरू हुई थी। इसके बाद 9 मई को उन्होंने पहले बच्चे को जन्म दिया, जिसका वजन करीब 710 ग्राम बताया गया। चूंकि गर्भावस्था अभी पूरी तरह परिपक्व नहीं थी, इसलिए डॉक्टरों ने बाकी डिलीवरी को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
करीब पांच दिन बाद 14 मई को महिला को दोबारा दर्द शुरू हुआ, जिसके बाद अस्पताल में तीन अन्य बच्चों की भी सफल नॉर्मल डिलीवरी कराई गई। इनमें एक बेटा और दो बेटियां शामिल हैं। फिलहाल मां और चारों नवजात अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं। डॉक्टरों के अनुसार एक बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है, जबकि बाकी बच्चों को विशेष देखभाल की जरूरत है। अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने इसे बेहद चुनौतीपूर्ण मामला बताया है। इस पूरी प्रक्रिया में स्त्री रोग विशेषज्ञों और मेडिकल स्टाफ की टीम लगातार जुटी रही। वहीं बच्चों के पिता मोहम्मद आलिम ने अस्पताल और डॉक्टरों का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें शुरू से ही डॉक्टरों की टीम पर भरोसा था।