नई दिल्ली। ईडी ने कथित बैंक धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आम आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई से पहले ईडी ने दिल्ली और गोवा में उनके ठिकानों पर छापेमारी की थी। जांच एजेंसी ने दिल्ली के सुभाष नगर स्थित बाबाजी फाइनेंस ग्रुप से जुड़े राम सिंह के घर पर भी तलाशी अभियान चलाया। आरोप है कि लोगों को निवेश और वित्तीय लेनदेन के नाम पर गुमराह कर करीब 180 करोड़ रुपये की हेराफेरी की गई।
दीपक सिंगला आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में विश्वास नगर सीट से चुनाव लड़ा था। पार्टी संगठन में वे गोवा प्रभारी और एमसीडी सह-प्रभारी जैसी जिम्मेदारियां भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
यह पहला मौका नहीं है जब दीपक सिंगला ईडी की जांच के दायरे में आए हों। इससे पहले मार्च 2024 में भी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत ईडी ने दिल्ली के मधु विहार स्थित उनके आवास समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस समय दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री Arvind Kejriwal की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हुई थी।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, बाबाजी फाइनेंस नामक नेटवर्क के जरिए लोगों को अल्पकालिक ऋण और निवेश योजनाओं का लालच दिया जाता था। ईडी अब यह पता लगाने में जुटी है कि निवेशकों से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल किन माध्यमों से और कहां किया गया। मामले में वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच जारी है।