मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद एयरपोर्ट पर सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। विमान लखनऊ के लिए उड़ान भरने की तैयारी में था, तभी उसमें से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति बिगड़ती देख अधिकारियों ने तुरंत डिप्टी सीएम और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के मुताबिक, छह सीटर सरकारी विमान रनवे पर टेकऑफ के लिए तैयार था। इसी दौरान विमान का बायां इंजन अचानक बंद हो गया और उससे धुआं निकलने लगा। घटना के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया।
तुरंत खाली कराया गया विमान
एयरपोर्ट प्रशासन ने बिना देरी किए ब्रजेश पाठक को विमान से बाहर निकाला। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को सुरक्षित किया गया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद डिप्टी सीएम सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
जांच के आदेश
प्रारंभिक जानकारी के बाद नागरिक उड्डयन विभाग ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। तकनीकी टीम विमान की जांच में जुट गई है और खराबी की वजह पता लगाने की कोशिश की जा रही है। गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक का विमान खराब मौसम में फंस गया था। उस दौरान दोनों नेता दिल्ली से लखनऊ जा रहे थे। हालांकि तब भी सभी यात्री सुरक्षित रहे थे।