तृणमूल कांग्रेस (TMC) विधायक दिलीप मंडल को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कई हफ्तों से फरार चल रहे मंडल को ओडिशा के पुरी स्थित एक रिसॉर्ट से हिरासत में लिया गया। पुलिस उन्हें आज कोलकाता लेकर आएगी। विधायक पर BJP कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों को धमकाने समेत कई गंभीर आरोप हैं।
दक्षिण 24 परगना जिले के बिष्णुपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक दिलीप मंडल का चुनाव के दौरान BJP कार्यकर्ताओं को धमकाने वाला वीडियो वायरल हुआ था। इसके अलावा उन पर 2021 विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े आरोप भी लगे थे। वीडियो सामने आने के बाद उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी।
मामले की जांच के दौरान 14 मई को पुलिस ने दक्षिण 24 परगना स्थित उनके आलीशान बंगले पर छापेमारी की थी। हालांकि पुलिस पहुंचने से पहले ही विधायक फरार हो गए थे। छापेमारी के दौरान घर से भारी मात्रा में अवैध हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। इस मामले में पुलिस ने विधायक के बेटे अर्घ्य मंडल को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया था।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, फरार रहने के दौरान दिलीप मंडल लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे। इसी बीच राज्य पुलिस की STF को सूचना मिली कि वह पुरी के एक नामी होटल में छिपे हुए हैं। इसके बाद टीम ने होटल पहुंचकर रजिस्टर की जांच की और उनकी मौजूदगी की पुष्टि होते ही कमरे में छापा मारकर उन्हें हिरासत में ले लिया। वहीं, TMC नेता जहांगीर खान की मुश्किलें भी बढ़ती नजर आ रही हैं। कलकत्ता हाई कोर्ट ने मंगलवार (26 मई) को उन्हें मिली अंतरिम सुरक्षा रद्द कर दी। जहांगीर खान के खिलाफ दक्षिण 24 परगना जिले के फलता थाने में सात FIR दर्ज हैं।