उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश, आंधी-तूफान और खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। संभावित आपदा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा मार्ग पर विशेष सतर्कता बरतते हुए यात्रियों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा लगातार मौसम की स्थिति, केदारनाथ यात्रा मार्ग और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने और सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने आदेश जारी कर यात्रा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं को तत्काल प्रभाव से निकटतम होल्डिंग सेंटर और सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मौसम सामान्य होने तक किसी भी यात्री को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सोनप्रयाग, गौरीकुंड समेत भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में तैनात सेक्टर अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। उन्हें यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने और मौसम में सुधार होने तक आगे न भेजने के लिए कहा गया है। सभी होल्डिंग स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
यात्रा मार्ग पर तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस, DDRF, SDRF, NDRF और अन्य विभागों की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर हैं। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।आपदा, भूस्खलन, सड़क बंद होने, दुर्घटना या किसी अन्य आपात स्थिति की जानकारी तुरंत जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को देने की अपील की गई है। सहायता के लिए 8958757335 और 8218326386 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मौसम और सुरक्षा आकलन के आधार पर यात्रा से जुड़े अगले निर्देश समय-समय पर जारी किए जाएंगे।