लखनऊ से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उड़ान से ठीक पहले विमान के टॉयलेट में एक टिश्यू पेपर पर ‘बम’ लिखा हुआ मिला। संदिग्ध संदेश मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत एक्टिव हो गईं और विमान को रनवे पर ही रोक दिया गया।
करीब 180 यात्रियों वाली इस फ्लाइट को एप्रन पर रोककर पूरी तरह से खाली कराया गया और सघन जांच शुरू की गई। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत CISF और अन्य एजेंसियों ने विमान के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली।
जांच के दौरान किसी भी तरह का विस्फोटक या संदिग्ध सामान नहीं मिला, जिसके बाद यात्रियों और क्रू ने राहत की सांस ली। अधिकारियों ने इस पूरी घटना को ‘होक्स’ यानी झूठी सूचना करार दिया है, हालांकि सुरक्षा प्रक्रिया के चलते उड़ान में देरी हुई।
इससे पहले दिल्ली में खराब मौसम के कारण तीन उड़ानों को डायवर्ट कर लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया था। बैंकॉक, गुवाहाटी और नागपुर से दिल्ली जा रही फ्लाइट्स को सुरक्षित लैंड कराया गया, जिसके बाद मौसम सामान्य होने पर उन्हें आगे रवाना किया गया।