ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर नेमार ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास लेने का ऐलान कर खेल जगत को चौंका दिया है। फीफा विश्व कप 2026 में ब्राजील की टीम के बाहर होने के तुरंत बाद उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को खत्म करने का फैसला किया।
राउंड ऑफ 16 मुकाबले में नॉर्वे ने ब्राजील को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इसी हार के बाद नेमार ने भावुक अंदाज में अपने संन्यास की घोषणा की। खास बात यह रही कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जिस मेटलाइफ स्टेडियम से की थी, उसी मैदान पर अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला भी खेला।
मैच के दौरान ब्राजील की टीम दबाव में नजर आई। नॉर्वे ने पहले ही दो गोल दागकर बढ़त बना ली थी। अतिरिक्त समय खत्म होने से कुछ देर पहले नेमार ने गोल कर ब्राजील की उम्मीदें जगाने की कोशिश की, लेकिन टीम वापसी नहीं कर सकी और टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
हार के बाद नेमार ने कहा, “मैंने पूरी कोशिश की, लेकिन अब सब खत्म हो गया। मैं थक चुका हूं। मैंने अपने अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत मेटलाइफ स्टेडियम से की थी और यहीं इसे खत्म भी कर रहा हूं।”
नेमार का अंतरराष्ट्रीय करियर बेहद शानदार रहा। उन्होंने साल 2010 में ब्राजील की सीनियर टीम के लिए डेब्यू किया था। अपने करियर में उन्होंने 129 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और 80 गोल दागे। वह ब्राजील की पुरुष फुटबॉल टीम के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी भी बने।
नेमार ने अपने करियर में ब्राजील को कई यादगार जीत दिलाईं। साल 2016 रियो ओलंपिक में उन्होंने टीम को गोल्ड मेडल जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। इससे पहले 2012 लंदन ओलंपिक में ब्राजील ने सिल्वर मेडल हासिल किया था। इसके अलावा 2013 फीफा कन्फेडरेशन कप जीत भी उनके करियर की बड़ी उपलब्धियों में शामिल रही।
नेमार के संन्यास के साथ ब्राजील फुटबॉल का एक सुनहरा अध्याय खत्म हो गया। दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसक अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय मैदान पर खेलते हुए नहीं देख पाएंगे।