नई दिल्ली| किसानों के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी दिल्ली में सोमवार को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पंजाब समेत विभिन्न राज्यों से किसान संगठनों के कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। नई दिल्ली स्थित किसान घाट पर आयोजित प्रदर्शन के मद्देनज़र दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को कई प्रमुख मार्गों से बचने की सलाह दी है। पुलिस के अनुसार, आवश्यकता पड़ने पर सुबह 8:30 बजे से कई इलाकों में यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं। प्रदर्शन के कारण राजघाट और आसपास के क्षेत्रों में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक ट्रैफिक दबाव रहने की संभावना जताई गई है।
इन इलाकों में लागू हो सकते हैं डायवर्जन
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि हालात के अनुसार निम्न स्थानों पर यातायात डायवर्ट किया जा सकता है—
- दिल्ली गेट
- राजघाट क्रॉसिंग
- गुरु नानक चौक
- शांतिवन चौक
- राजघाट डीटीसी डिपो
- आईपी फ्लाईओवर
इन सड़कों पर बढ़ सकता है ट्रैफिक
प्रदर्शन के दौरान निम्न मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहने की संभावना है—
- सत्याग्रह मार्ग
- वेलोड्रोम रोड
- राजघाट डीटीसी डिपो रोड
- राजघाट डीटीसी बायपास रोड
- आसपास के संपर्क मार्ग
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपने रूट की योजना बना लें। विशेष रूप से एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है। साथ ही रियल-टाइम ट्रैफिक अपडेट के लिए नेविगेशन ऐप का इस्तेमाल करने और ड्यूटी पर मौजूद ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन
किसान संगठनों का कहना है कि यह प्रदर्शन भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। उनका दावा है कि इस तरह के समझौते का असर भारतीय कृषि और किसानों की आय पर पड़ सकता है।
इस प्रदर्शन में किसान मजदूर मोर्चा (KMM), संयुक्त किसान मोर्चा (SKM), भारतीय किसान यूनियन (एकता संघर्ष) सहित कई किसान संगठनों के शामिल होने की संभावना है। किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने देशभर के किसानों, मजदूरों और युवाओं से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
आयोजकों के अनुसार, किसान घाट पर शुरू होने वाला यह प्रदर्शन शाम करीब 4 बजे तक जारी रहेगा। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।