छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां 18 वर्षीय युवक के मोबाइल फोन की किस्त को लेकर परिवार में विवाद हुआ, जिसके बाद युवक पहाड़ी इलाके में चला गया। उसे समझाने और सुरक्षित वापस लाने की कोशिश के दौरान युवक और उसके माता-पिता की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
iPhone की EMI को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, तिसगांव इलाके के रहने वाले कुणाल चांदगुडे ने आईफोन खरीदा था। उसकी किस्तों का भुगतान करने में परेशानी हो रही थी। इसी को लेकर उसका परिवार में विवाद हुआ। इसके बाद वह खवल्या पहाड़ी की ओर चला गया। परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली तो वे भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने युवक को समझाने और सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश शुरू की।
करीब तीन घंटे तक चलता रहा समझाने का प्रयास
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी युवक से बातचीत कर उसे शांत कराने की कोशिश की। करीब तीन घंटे तक उसे सुरक्षित वापस लाने के प्रयास किए गए। इसी दौरान युवक के पिता भी उसके पास पहुंचे। पुलिस के अनुसार, उसे समझाने और वापस लाने की कोशिश के दौरान स्थिति बिगड़ गई और युवक तथा उसके पिता पहाड़ी से नीचे गिर गए। कुछ देर बाद मां भी हादसे का शिकार हो गईं।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
हादसे में कुणाल, उसके पिता मुरलीधर चांदगुडे और मां संगीता चांदगुडे की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और गांव में मातम छा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में मोबाइल की किस्त को लेकर हुआ पारिवारिक विवाद सामने आया है। हालांकि, पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी।