मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन इन दिनों एक विज्ञापन को लेकर चर्चा में हैं। रक्षाबंधन के मौके पर ज्वेलरी ब्रांड GIVA के लिए शूट किए गए एक ऐड को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। विज्ञापन में कृति सेनन ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज और केप पहने नजर आई थीं। इसके अलावा ऐड में अभिनेत्री को अपने पालतू कुत्ते को राखी बांधते दिखाया गया था।विज्ञापन सामने आने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इसकी आलोचना शुरू कर दी। लोगों ने रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार से जुड़े विज्ञापन में अभिनेत्री की ड्रेस और कुत्ते को राखी बांधने वाले सीन पर सवाल उठाए। विवाद बढ़ने के बाद अब GIVA ने विज्ञापन को अपने सभी प्लेटफॉर्म से हटाने का फैसला किया है।
GIVA ने जारी किया बयान
विवाद के बीच ज्वेलरी ब्रांड GIVA ने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखा। कंपनी ने कहा कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के प्रति उसके मन में पूरा सम्मान है। कंपनी के मुताबिक, विज्ञापन के जरिए रक्षाबंधन के प्यार और खुशी को पालतू जानवरों तक भी पहुंचाने का विचार था, क्योंकि उन्हें भी परिवार का हिस्सा माना जाता है। हालांकि, अगर विज्ञापन से अनजाने में समाज के किसी वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं तो ऐसा करना कंपनी का उद्देश्य नहीं था। GIVA ने इसी के साथ विज्ञापन को सभी प्लेटफॉर्म से वापस लेने की जानकारी दी।
कृति सेनन ने ट्रोलिंग पर क्या कहा था?
विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना के बीच कृति सेनन ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने महिलाओं के कपड़ों को लेकर होने वाली टिप्पणियों पर सवाल उठाया। कृति ने कहा कि महिलाओं को यह तय करने के लिए दबाव नहीं दिया जाना चाहिए कि उन्हें क्या पहनना चाहिए। उनका कहना था कि संस्कृति और परंपरा इंसान की सोच और भावनाओं में होती है, केवल पहनावे से उसका निर्धारण नहीं किया जा सकता।
‘पालतू जानवर भी परिवार का हिस्सा हैं’
कृति सेनन ने विज्ञापन में कुत्ते को राखी बांधने वाले सीन का भी बचाव किया था। अभिनेत्री के मुताबिक, रक्षाबंधन सुरक्षा और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है और उनके लिए यह भावना उनके पालतू जानवरों तक भी जाती है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पालतू जानवर भी परिवार का हिस्सा होते हैं और उनकी सुरक्षा की भावना भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
विवाद के बाद कंपनी ने लिया ऐड वापस
कृति सेनन की प्रतिक्रिया के बाद अब GIVA ने भी विवाद पर अपना पक्ष साफ कर दिया है। कंपनी ने कहा कि उसका उद्देश्य किसी धार्मिक या सांस्कृतिक भावना को ठेस पहुंचाना नहीं था। विज्ञापन हटाए जाने के बाद फिलहाल यह विवाद शांत होता नजर आ रहा है। हालांकि, सोशल मीडिया पर कृति सेनन के बयान और GIVA के फैसले को लेकर चर्चा जारी है।