काठमांडू: नेपाल में आई अचानक बाढ़ ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई है। तेज बहाव में घरों और दूसरी इमारतों को नुकसान पहुंचा, वहीं कई बुनियादी ढांचे भी प्रभावित हुए। इस बीच सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो ने लोगों का ध्यान एक ऐसे हरे रंग के मकान की ओर खींचा है, जो आसपास हुई भारी तबाही के बावजूद अपनी जगह पर खड़ा नजर आ रहा है।
बाढ़ के बीच घर को लेकर बढ़ी चिंता
फ्लैश फ्लड के दौरान सामने आए शुरुआती वीडियो में यह मकान चारों तरफ से पानी से घिरा दिखाई देता है। पानी का बहाव लगातार बढ़ने के कारण घर के अंदर मौजूद परिवार की सुरक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर चिंता जताई जाने लगी। वीडियो वायरल होने के बाद लोग परिवार के सुरक्षित होने की उम्मीद कर रहे थे। इसी बीच उसी इलाके का एक और वीडियो सामने आया, जिसने लोगों को राहत दी।
बाद में सामने आए फुटेज में दावा किया गया कि घर के अंदर मौजूद परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके साथ ही वीडियो में यह भी दिखाई दिया कि आसपास के कई हिस्सों में बाढ़ का असर बेहद ज्यादा था, लेकिन हरे रंग का यह मकान तेज बहाव के बावजूद खड़ा रहा। इन वीडियो को सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों ने देखा और शेयर किया। लोगों के बीच इस मकान की मजबूती को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
लोगों ने की घर की मजबूती की तारीफ
सोशल मीडिया यूजर्स ने मकान के निर्माण और उसकी मजबूती को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने कहा कि जब आसपास की संरचनाएं बाढ़ की चपेट में आ गईं, तब इस घर का सुरक्षित रहना अपने आप में हैरान करने वाला है। कुछ यूजर्स ने परिवार के अनुभव को बेहद डरावना बताते हुए कहा कि इस आपदा से बचने के बाद उनके अनुभव सामने आने चाहिए। वहीं कई लोगों ने मजबूत और टिकाऊ निर्माण की अहमियत पर भी जोर दिया।
हालांकि, किसी भी प्राकृतिक आपदा के सामने जोखिम पूरी तरह खत्म नहीं होता, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह चर्चा जरूर छेड़ दी है कि मजबूत निर्माण और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था आपदा के दौरान नुकसान को कम करने में अहम भूमिका निभा सकती है।