नई दिल्ली में निशु आजाद के मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन और तेज हो गया है। अब उत्तर प्रदेश के नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद भी CJP के नेताओं के समर्थन में सामने आए हैं। वह CJP नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास के साथ दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे। नेताओं ने निशु आजाद और उनके पिता संजय कुमार के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल एक पॉडकास्ट वीडियो के बाद यह मामला चर्चा में आया। वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज नाम के एक व्यक्ति ने दावा किया कि जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान उसने निशु आजाद के पिता संजय कुमार पर कड़े से हमला किया था। दावा किया गया कि इस घटना में संजय को चोट लगी और उन्हें टांके लगाने पड़े। वीडियो सामने आने के बाद CJP नेताओं ने स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी।
चंद्रशेखर आजाद भी पहुंचे पुलिस स्टेशन
CJP नेताओं के साथ सांसद चंद्रशेखर आजाद के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचने से मामला और राजनीतिक रूप से गरमा गया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि निशु आजाद और उनके पिता को न्याय दिलाने के लिए पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बनाया जाएगा। CJP नेता आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान निशु के पिता संजय के साथ मारपीट की गई थी। उनका कहना है कि संगठन लंबे समय से इस मामले में कार्रवाई की मांग कर रहा है।
रांका ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति सार्वजनिक मंच पर कथित हमले की बात स्वीकार कर रहा है, तो पुलिस को मामले की जांच करते हुए कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने अब तक इस मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की है। रांका ने कहा कि CJP निशु आजाद और उनके परिवार के साथ खड़ी है और पुलिस से गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की जाएगी।
सौरव दास बोले- अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं तो पुलिस जवाब दे
पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर CJP नेता सौरव दास ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति पर प्रदर्शन के दौरान लोगों पर हमला करने का आरोप है और वह खुद सार्वजनिक तौर पर ऐसा दावा कर रहा है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? दास ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन से जुड़े लोगों और लड़कियों को भी धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को पूरे मामले पर जवाब देना चाहिए। साथ ही उन्होंने साफ किया कि CJP इस मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है और आगे भी कार्रवाई की मांग जारी रखेगी।
क्या है निशु आजाद के पिता पर हमले का मामला?
बताया जा रहा है कि 20 जुलाई को CJP के संसद मार्च के दौरान निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ कथित मारपीट हुई थी। इसके बाद स्वतंत्र भारद्वाज का एक पॉडकास्ट वीडियो सामने आया, जिसमें उसने दावा किया कि उसने संजय कुमार पर कड़े से वार किया था। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर बहस तेज हो गई। CJP नेताओं ने इसे गंभीर मामला बताते हुए स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी की मांग की है।
पॉडकास्ट में दो केंद्रीय नेताओं के नाम का भी जिक्र
वायरल पॉडकास्ट में स्वतंत्र भारद्वाज ने दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का भी नाम लिया है। हालांकि, इन नामों के संदर्भ और पूरे मामले में उनकी भूमिका को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। CJP नेताओं का कहना है कि पुलिस को वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। अब सांसद चंद्रशेखर आजाद के समर्थन में सामने आने के बाद इस मामले में पुलिस की अगली कार्रवाई पर सबकी नजर है।