बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है। हादसा खेकड़ा थाना क्षेत्र में बड़ागांव कट के पास हुआ। बताया जा रहा है कि पिकअप में सवार श्रद्धालु राजस्थान से बदायूं जा रहे थे। रात करीब 12:30 बजे डायल-112 के जरिए पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिली। इसके बाद खेकड़ा थाना पुलिस के साथ चार PRV और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने वाहन में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया। घायलों को सीएचसी खेकड़ा, सीएचसी बागपत और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर स्थिति वाले मरीजों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
मेरठ मेडिकल कॉलेज में 14 गंभीर घायल भर्ती
हादसे में गंभीर रूप से घायल 14 लोगों को मेरठ मेडिकल कॉलेज लाया गया। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. अजीत चौधरी के मुताबिक, अब तक 6 लोगों की मौत हुई है, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। घायलों का इलाज इमरजेंसी वार्ड में किया जा रहा है। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और आवागमन को सुचारू कराया। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसे की सही वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों से संपर्क करने में जुटी है। बागपत पुलिस ने परिजनों की सहायता के लिए 9454417383 मोबाइल नंबर जारी किया है। इस नंबर पर संपर्क कर हादसे में घायल या मृत लोगों से संबंधित जानकारी ली जा सकती है।