उत्तर प्रदेश के कन्नौज में तेज रफ्तार थार गाड़ी का कहर देखने को मिला है। देर रात एक बेकाबू थार ने बाइक सवार चार लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद थार चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।
रॉन्ग साइड से आई थार ने बाइक को मारी टक्कर
यह दर्दनाक हादसा कन्नौज के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में कचाटीपुर गांव के पास स्थित सरदार पटेल इंटर कॉलेज के नजदीक हुआ। जानकारी के मुताबिक, तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के अगौस गांव के रहने वाले चार लोग एक ही बाइक पर सवार होकर इंदरगढ़ की ओर जा रहे थे। बाइक पर 28 वर्षीय मनीष कुमार, 50 वर्षीय वेद प्रकाश, 35 वर्षीय विजय और 24 वर्षीय आशीष सवार थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक सरदार पटेल इंटर कॉलेज के पास पहुंची, सामने से गलत दिशा में आ रही तेज रफ्तार थार ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण कि बाइक के उड़ गए परखच्चे
थार और बाइक के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चारों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद थार चालक ने गाड़ी मोड़ी और मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में विजय, वेद प्रकाश और मनीष कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, आशीष गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। घायल आशीष की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
तीन मौतों से गांव में मचा कोहराम
हादसे में तीन लोगों की मौत की खबर जैसे ही अगौस गांव पहुंची, मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। अपनों के शव देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं, हादसे के बाद मौके पर किसी जनप्रतिनिधि और बड़े अधिकारी के नहीं पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली। तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
थार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने तीनों मृतकों के शव मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवा दिए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, गंभीर रूप से घायल आशीष का इलाज जारी है। दूसरी तरफ, हादसे के बाद फरार हुए थार चालक और गाड़ी में सवार लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है।