जम्मू. जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) की हत्या के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकियों की तलाश तेज कर दी है. दच्छन और मरवाह के घने जंगलों में सुरक्षाबलों की ओर से लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. इस बीच इलाके में हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर जहांगीर सरूरी समेत तीन सक्रिय आतंकियों की मौजूदगी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं. इन आतंकियों के नाम जहांगीर सरूरी, रियाज अहमद उर्फ हजारी और मुदस्सिर हुसैन बताए गए हैं.
दो SPO जवानों की हत्या से मचा हड़कंप
दरअसल, किश्तवाड़ जिले के दच्छन इलाके में बुधवार, 11 नवंबर को दो SPO जवान अचानक लापता हो गए थे. काफी तलाश के बाद गुरुवार सुबह उनके गोलियों से छलनी शव बरामद किए गए. मृतकों की पहचान 45 वर्षीय रशपाल कुमार और 57 वर्षीय बाबी चंद के रूप में हुई है. दोनों स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) में तैनात थे. जानकारी के मुताबिक, दोनों जवान कियार इलाके से धरना-मरवाह की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उनका संपर्क टूट गया था. बाद में उनके शव जंगल के इलाके में मिले. अधिकारियों के मुताबिक, दोनों जवानों की सर्विस राइफल भी मौके से गायब मिली हैं. आशंका है कि हमलावर हथियार अपने साथ ले गए.
जंगलों में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन तेज
घटना के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने दच्छन-मरवाह के जंगलों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है. इलाके में संदिग्धों की तलाश के लिए अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है. जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने भी किश्तवाड़ पहुंचकर सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की.
जहांगीर सरूरी समेत तीन आतंकियों की मौजूदगी की सूचना
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों के आकलन में किश्तवाड़ के ऊपरी इलाकों में हिजबुल मुजाहिदीन का कमांडर जहांगीर सरूरी और उसके दो सहयोगी रियाज अहमद उर्फ हजारी तथा मुदस्सिर हुसैन सक्रिय बताए गए हैं. इनकी मौजूदगी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं. जहांगीर सरूरी लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की वांछित सूची में शामिल है. साल 2018 में उसके बारे में सूचना देने पर 30 लाख रुपये का इनाम घोषित किए जाने की रिपोर्ट भी सामने आई थी. हालांकि, यह इनाम सरूरी के नाम पर था. तीनों आतंकियों पर संयुक्त रूप से 30 लाख रुपये का इनाम होने की पुष्टि नहीं है.
किश्तवाड़ में पहले भी हो चुकी हैं आतंकी घटनाएं
किश्तवाड़ का पहाड़ी और जंगलों वाला इलाका लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बना हुआ है. यहां घने जंगल, दुर्गम पहाड़ और दूरदराज के गांव होने के कारण तलाशी अभियान में मुश्किलें आती हैं. पिछले कुछ समय में जिले में कई आतंकवाद विरोधी अभियान चलाए गए हैं. दो SPO जवानों की हत्या के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है. फिलहाल हमले में शामिल लोगों की पहचान और उनकी तलाश के लिए अभियान जारी है. पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक जांच भी की जा रही है.