डिंडौरी. मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले से दोस्ती को शर्मसार करने वाला एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक व्यक्ति की मिठाई बताकर विस्फोटक पदार्थ देने के बाद मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी रामभगत बरौतिया समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और मामले के पीछे की वजह जानने में जुटी है.
यह घटना डिंडौरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के पड़रिया छांटा गांव की है. मृतक की पहचान 35 वर्षीय राजेंद्र बरौतिया के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, मंगलवार 10 नवंबर की रात राजेंद्र अपने परिवार के साथ घर के आंगन में बैठा था. इसी दौरान गांव का ही रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा. दोनों के बीच बातचीत हो रही थी. आरोप है कि इसी दौरान रामभगत ने राजेंद्र को रसगुल्ला बताकर एक संदिग्ध विस्फोटक पदार्थ दे दिया.
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
राजेंद्र ने उसे मिठाई समझ लिया, लेकिन उसके साथ हुए हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन तत्काल उसे डिंडौरी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसे बचाया नहीं जा सका. उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
मुख्य आरोपी समेत दो लोग हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मामले में मुख्य आरोपी रामभगत बरौतिया समेत एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है.
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी के पास विस्फोटक पदार्थ कहां से आया और उसने कथित तौर पर इस घटना को अंजाम क्यों दिया. जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है.
BNS और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकता है.