नई दिल्ली: लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार, 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया. सुबह होते ही देशभर के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. व्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना की. इसके साथ ही छठ पूजा के अंतिम अनुष्ठान के बाद व्रतियों ने पारण कर अपना व्रत पूरा किया.
छठ महापर्व के समापन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने छठी मइया से सभी व्रतियों और देशभर के लोगों पर अपना आशीर्वाद बनाए रखने की प्रार्थना की.
PM मोदी ने छठी मइया से क्या मांगा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर छठ महापर्व के समापन पर अपनी शुभकामनाएं साझा कीं. उन्होंने लिखा कि उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हो गया है.
पीएम मोदी ने अपने संदेश में छठ पर्व को प्रकृति के प्रति समर्पित दिव्य उत्सव बताते हुए कहा कि इसमें दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला. उन्होंने आगे छठी मइया से प्रार्थना करते हुए कहा कि वे सभी व्रतियों के साथ-साथ देशभर के उनके परिवारजनों को अपना शुभाशीष प्रदान करें.
चार दिनों तक चला छठ का कठिन अनुष्ठान
छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी. इसके अगले दिन 14 नवंबर को खरना का आयोजन किया गया. खरना के बाद व्रतियों ने कठिन निर्जला व्रत की शुरुआत की. 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य के दौरान व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया. वहीं, सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस चार दिवसीय पर्व का समापन हो गया.
घाटों पर दिखा आस्था का अद्भुत नजारा
छठ के अंतिम दिन सुबह से ही नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे बने घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली. व्रती पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना करते नजर आए. छठी मइया के गीतों और सूर्य उपासना के बीच पूरे माहौल में भक्ति और श्रद्धा का रंग दिखाई दिया.
छठ पर्व में भगवान सूर्य और छठी मइया की उपासना का विशेष महत्व है. यह पर्व परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए मनाया जाता है. चार दिनों तक चलने वाला यह अनुष्ठान शुद्धता, संयम, अनुशासन और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक माना जाता है.