एयर इंडिया एक्सप्रेस के नेतृत्व में यह बदलाव ऐसे समय पर हुआ है, जब कंपनी अपने कारोबार का विस्तार करने और एयर इंडिया ग्रुप के साथ एकीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में जुटी है। दीपक राजावत की नियुक्ति से कंपनी को वित्तीय प्रबंधन के साथ-साथ व्यावसायिक रणनीति का अनुभव भी मिलेगा। कंपनी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में एयरलाइन अपनी सेवाओं और कारोबारी योजनाओं को नई दिशा दे सकेगी।
दो दशक से ज्यादा का है एविएशन और फाइनेंस का अनुभव
दीपक राजावत को एविएशन और वित्तीय क्षेत्र में 20 साल से अधिक का अनुभव है। वह विस्तारा एयरलाइन की शुरुआत से ही इससे जुड़े रहे हैं। अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने कॉर्पोरेट प्लानिंग, विमान खरीद और वित्तीय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदारियां निभाईं।इसके अलावा, उन्होंने विस्तारा में चीफ कमर्शियल ऑफिसर (CCO) के तौर पर भी काम किया। इस दौरान उनके पास रेवेन्यू मैनेजमेंट, नेटवर्क प्लानिंग, सेल्स, डिस्ट्रीब्यूशन, मार्केटिंग और कस्टमर एक्सपीरियंस जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी थी। इसके साथ ही उन्होंने एयरलाइन की पार्टनरशिप, प्रोडक्ट डेवलपमेंट और इन-फ्लाइट सर्विस से जुड़े कामकाज की भी निगरानी की।
राजावत के कार्यकाल में विस्तारा ने हासिल की बड़ी उपलब्धियां
दीपक राजावत के नेतृत्व में विस्तारा ने भारतीय एविएशन सेक्टर में अपनी अलग पहचान बनाई। कंपनी के मुताबिक, उनके कार्यकाल के दौरान विस्तारा घरेलू बाजार में हिस्सेदारी के लिहाज से देश की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइन बनी थी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विस्तारा ने अपनी स्थिति मजबूत की। प्रतिष्ठित स्काईट्रैक्स (Skytrax) की दुनिया की शीर्ष 20 एयरलाइंस की सूची में विस्तारा ने जगह बनाई। साल 2022 में एयरलाइन को इस सूची में 20वां स्थान मिला था, जबकि 2023 और 2024 में वह 16वें पायदान पर रही।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के वित्तीय विभाग की संभाल चुके हैं जिम्मेदारी
दीपक राजावत एयर इंडिया एक्सप्रेस में पहले से ही अहम भूमिका निभा रहे हैं। CFO के रूप में उन्होंने कंपनी के वित्तीय विभाग का नेतृत्व किया है। इसके अलावा, एयरलाइन के विस्तार और एयर इंडिया ग्रुप के साथ उसके एकीकरण में भी उनका योगदान रहा है। गौरतलब है कि नवंबर 2024 में विस्तारा का एयर इंडिया के साथ विलय पूरा हुआ था। विलय से पहले विस्तारा में टाटा ग्रुप की 51 फीसदी और सिंगापुर एयरलाइंस की 49 फीसदी हिस्सेदारी थी। मर्जर के बाद एयर इंडिया में सिंगापुर एयरलाइंस की हिस्सेदारी 25.1 फीसदी हो गई।
चेयरमैन निपुण अग्रवाल ने क्या कहा?
दीपक राजावत की नई नियुक्ति पर एयर इंडिया एक्सप्रेस के चेयरमैन निपुण अग्रवाल ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि राजावत अपने साथ मजबूत वित्तीय विशेषज्ञता, व्यापक पेशेवर अनुभव और टाटा ग्रुप के एविएशन कारोबार की गहरी समझ लेकर आए हैं। वहीं, नई जिम्मेदारी मिलने पर दीपक राजावत ने कहा कि उनका मुख्य फोकस एयरलाइन की ग्राहक सेवाओं को बेहतर बनाने पर रहेगा। वह ऐसी एयरलाइन तैयार करना चाहते हैं, जिसमें ग्राहकों की जरूरतों को प्राथमिकता दी जाए और तकनीक के इस्तेमाल से उन्हें बेहतर सुविधाएं और सेवाएं मिल सकें।
रोजाना 585 उड़ानों का संचालन करती है एयर इंडिया एक्सप्रेस
एयर इंडिया एक्सप्रेस का नेटवर्क लगातार बढ़ रहा है। फिलहाल कंपनी रोजाना करीब 585 उड़ानों का संचालन करती है। इसके जरिए भारत के 48 घरेलू और दक्षिण, दक्षिण-पूर्व तथा पश्चिम एशिया के 17 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ा जाता है। एयरलाइन के बेड़े में कुल 108 विमान शामिल हैं। इनमें बोइंग 737 और एयरबस A320 सीरीज के विमान हैं। ऐसे में नए CEO के सामने एयरलाइन के विस्तार, परिचालन क्षमता बढ़ाने और यात्रियों को बेहतर अनुभव देने की अहम जिम्मेदारी होगी।