पंजाब की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी उलटफेर होने के संकेत मिल रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच दोबारा गठबंधन की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल मंगलवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहे हैं। इस बैठक को पंजाब की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर बड़ा ऐलान हो सकता है।
दोपहर 1 बजे होगी संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर 1 बजे दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में यह संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सुखबीर सिंह बादल के साथ बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहेंगे। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि दोनों दल पंजाब में अपनी राजनीतिक रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा कर सकते हैं। हालांकि, गठबंधन पर अंतिम फैसला और औपचारिक घोषणा का इंतजार है।
2020 में कृषि कानूनों को लेकर अलग हुए थे दोनों दल
बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल का रिश्ता काफी पुराना रहा है। दोनों पार्टियों ने कई वर्षों तक मिलकर पंजाब की राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी बनाए रखी थी। हालांकि, सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों के बीच मतभेद बढ़ गए। किसानों के आंदोलन के बीच अकाली दल ने एनडीए से अलग होने का फैसला किया था। उस समय हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा भी दे दिया था। बाद में केंद्र सरकार ने नवंबर 2021 में तीनों कृषि कानून वापस ले लिए थे। इसके बाद से ही दोनों दलों के बीच दोबारा राजनीतिक नजदीकियां बढ़ने की अटकलें लगती रही हैं।
अमित शाह के बयान से बढ़ी गठबंधन की चर्चा
पंजाब में बीजेपी और अकाली दल के संभावित गठबंधन को लेकर चर्चाओं ने उस वक्त और जोर पकड़ लिया, जब अमित शाह ने हाल ही में पंजाब में एनडीए की सरकार बनने का भरोसा जताया था। उनके इस बयान को पंजाब में बीजेपी की चुनावी तैयारियों और संभावित सहयोगियों के साथ नए समीकरण बनाने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। अब अमित शाह और सुखबीर सिंह बादल की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस से इन अटकलों पर स्थिति साफ होने की उम्मीद है।
दोनों दलों का पुराना सियासी गठबंधन कितना मजबूत था?
बीजेपी और अकाली दल ने लंबे समय तक मिलकर चुनाव लड़े हैं। दोनों पार्टियों ने 1998, 1999, 2004, 2009, 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में गठबंधन के तहत हिस्सा लिया था। इसके अलावा 1997, 2002, 2007, 2012 और 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव भी साथ लड़े थे। 2017 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल को 15 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि बीजेपी ने तीन सीटें हासिल की थीं। हालांकि, गठबंधन टूटने के बाद दोनों पार्टियों के चुनावी प्रदर्शन पर असर दिखाई दिया।
अलग-अलग चुनाव लड़ने पर दोनों दलों को हुआ नुकसान
2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में बीजेपी और अकाली दल ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में अकाली दल महज तीन सीटों पर सिमट गया, जबकि बीजेपी को केवल दो सीटें मिलीं। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में भी दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत की अटकलें थीं, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद हुए लोकसभा चुनाव में अकाली दल को पंजाब में सिर्फ एक सीट मिली, जबकि बीजेपी अपना खाता भी नहीं खोल पाई।
2027 विधानसभा चुनाव से पहले बनेंगे नए सियासी समीकरण?
पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं। ऐसे में बीजेपी और अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन को आगामी चुनावों की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। अगर दोनों दल दोबारा साथ आते हैं तो पंजाब की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं। खासकर उन क्षेत्रों में इसका असर देखने को मिल सकता है, जहां दोनों पार्टियों का पारंपरिक जनाधार रहा है। फिलहाल सभी की नजर मंगलवार दोपहर 1 बजे होने वाली संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस पर है। अब देखना होगा कि अमित शाह और सुखबीर सिंह बादल सिर्फ गठबंधन के संकेत देते हैं या फिर पंजाब की राजनीति में एक नए सियासी अध्याय का औपचारिक ऐलान भी करते हैं।