अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारतीय सामानों पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने के प्रस्ताव के बाद भारत ने अपना पक्ष मजबूती से रखा है. भारत सरकार ने अमेरिकी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि देश में किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त विनिर्माण क्षमता (Structural Excess Capacity) नहीं है. साथ ही भारत ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, अमेरिका ने भारत समेत कई अर्थव्यवस्थाओं के खिलाफ मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता और उत्पादन से जुड़े आरोपों को लेकर जांच की है. अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने इस मामले में अपनी जांच के तहत भारतीय सामानों पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है. हालांकि, प्रस्ताव में यह भी प्रावधान है कि अगर भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता हो जाता है तो टैरिफ की दर घटाकर 17 फीसदी तक की जा सकती है. इस प्रस्ताव के बाद दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है.
भारत ने अमेरिकी आरोपों पर क्या कहा?
वाणिज्य मंत्रालय ने बुधवार को अपने बयान में कहा कि भारत ने अमेरिकी जांच प्रक्रिया में रचनात्मक तरीके से हिस्सा लिया है. जांच के दौरान भारत ने स्पष्ट किया था कि देश के किसी भी सेक्टर में संरचनात्मक अतिरिक्त विनिर्माण क्षमता मौजूद नहीं है. सरकार ने कहा कि अमेरिकी जांच से संबंधित नोटिस फिलहाल विचाराधीन है. भारत ने यह भी स्पष्ट किया कि व्यापार से जुड़े मुद्दों का समाधान दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत और द्विपक्षीय व्यापार समझौते के दायरे में ही निकाला जाना चाहिए.
व्यापार समझौते पर भारत का जोर
भारत सरकार ने कहा है कि वह अमेरिका के साथ मिलकर जल्द से जल्द द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए प्रतिबद्ध है. दोनों देशों के बीच 2 फरवरी 2026 को व्यापार समझौते को लेकर घोषणा हुई थी. इसके बाद 7 फरवरी को जारी संयुक्त बयान के आधार पर बातचीत आगे बढ़ाई जा रही है. भारत का मानना है कि दोनों देशों के बीच व्यापारिक मुद्दों का समाधान बातचीत के जरिए होना चाहिए. वहीं, अमेरिका की ओर से प्रस्तावित टैरिफ को लेकर आगे क्या फैसला होता है, इस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं.
अमेरिका के इस कदम का क्या होगा असर?
अगर अमेरिका की ओर से प्रस्तावित 25 फीसदी टैरिफ लागू होता है तो भारतीय निर्यातकों पर इसका असर पड़ सकता है. खासकर उन कारोबारों को चुनौती का सामना करना पड़ सकता है, जो अमेरिकी बाजार में अपने उत्पादों का निर्यात करते हैं. हालांकि, व्यापार समझौते के जरिए टैरिफ को 17 फीसदी तक सीमित करने का प्रस्ताव भारत के लिए राहत की संभावना भी पैदा करता है. फिलहाल दोनों देशों के बीच बातचीत और अमेरिकी जांच के नतीजों से ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.